बाइडन के राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने की घोषणा के बाद ट्रंप ने बाइडन को अमेरिका के इतिहास में अब तक का सबसे खराब राष्ट्रपति बताया।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को बड़ा फैसला लेते हुए सभी को चौंका दिया। उन्हों ने घोषणा की कि वह इस साल नवंबर में होने वाला राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम की सिफारिश की। इस पर जो बाइडन की पत्नी जिल बाइडन ने बिना कुछ कहे सिर्फ दिल वाला इमोजी पोस्ट किया। संयुक्त राज्य अमेरिका की प्रथम महिला जिल ने अपने व्यक्तिगत अकाउंट से ‘एक्स’ पर जो बाइडन का पत्र साझा किया।
कमला हैरिस के नाम की सिफारिश की
इससे पहले बाइडन ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए भारतीय-अफ्रीकी मूल की कमला हैरिस (59) के नाम की सिफारिश की। यह ऐसे वक्त किया गया, जब जून के अंत में रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बहस में खराब प्रदर्शन के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता पिछले कई हफ्तों से बाइडन पर राष्ट्रपति पद उम्मीदवारी की दौड़ से हटने का दबाव बना रहे थे। बाइडन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आज मैं कमला हैरिस को इस साल हमारी पार्टी का उम्मीदवार बनाने के लिए अपना पूरा समर्थन और सहयोग देना चाहता हूं। डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए एकजुट होकर ट्रंप को हराने का समय आ गया है। बाइडन (81) का यह निर्णय अमेरिका में पांच नवंबर को होने वाले मतदान से चार महीने पहले आया है। बाइडन के राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने की घोषणा के कुछ ही मिनट बाद ट्रंप ने बाइडन को अमेरिका के इतिहास में अब तक का सबसे खराब राष्ट्रपति बताया। वहीं, प्रतिनिधि सभा अध्यक्ष माइक जॉनसन ने राष्ट्रपति बाइडन से पद से इस्तीफा देने की अपील की। रिपब्लिकन नेता जॉनसन ने कहा कि अगर जो बाइडन राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने के योग्य नहीं हैं, तो वह राष्ट्रपति के रूप में सेवा में बने रहने के योग्य भी नहीं हैं। उन्हें तुरंत पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।






