सुप्रीम कोर्ट के एससी-एसटी आरक्षण को लेकर दिए गए आदेश के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में मायावती ने अपने सोशल मीडिया हैंडल, एक्स, पर इसकी घोषणा की। उन्होंने बीजेपी, कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों पर आरक्षण विरोधी साजिश का आरोप लगाया। मायावती ने अपने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से भारत बंद में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कई ट्वीट्स के जरिए बंद के समर्थन में बयान जारी किए। मायावती ने कहा, “बीएसपी का भारत बंद को समर्थन है, क्योंकि भाजपा और कांग्रेस जैसे दलों के आरक्षण विरोधी षड्यंत्र और इसे निष्प्रभावी बनाकर खत्म करने की कोशिशों के कारण एससी/एसटी समुदाय में आक्रोश है।” उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से सरकार को ज्ञापन देकर संविधान संशोधन के जरिए आरक्षण में हुए बदलाव को खत्म करने की मांग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बिना किसी हिंसा के शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से बंद में शामिल हों। मायावती ने आगे लिखा कि एससी-एसटी के साथ-साथ ओबीसी समुदाय को भी आरक्षण का संवैधानिक अधिकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के निरंतर संघर्ष का परिणाम है, जिसे भाजपा, कांग्रेस और अन्य पार्टियां समझें और इसके साथ कोई खिलवाड़ न करें।
मायावती ने भारत बंद का समर्थन किया, बीजेपी और कांग्रेस पर साधा निशाना






