राजस्थान के उदयपुर में दसवीं कक्षा के छात्र देवराज की हत्या पर पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने चिंता व्यक्त की है। बीते मंगलवार को गुलाबचंद कटारिया राजसमंद के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने उदयपुर में चाकूबाजी में हुई स्कूली छात्र देवराज की मौत पर चिंता जताते हुए शिक्षा विभाग को इस मामले को गंभीरता से लेने का सुझाव दिया।
देवराज की हत्या एक गंभीर मामला
गुलाबचंद कटारिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उदयपुर में देवराज की हत्या पर शिक्षा विभाग को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अगर हम बच्चों को सही संस्कार नहीं दे पाए हैं, तो यह हमारी भी एक कमी है। उन्होंने यह भी कहा कि आज सभी लोग चाहते हैं कि अपराधी को सजा मिले और उदयपुर में फिर से शांति और अमन कायम हो। राज्यपाल ने आगे कहा कि सामूहिक प्रयासों से उदयपुर फिर से अमन की राह पर लौट रहा है। पीड़ित परिवार को सांत्वना और सहयोग देना हमारा कर्तव्य है। राजसमंद पहुंचने पर जिला कलेक्टर डॉक्टर भंवर लाल ने गुलदस्ता देकर राज्यपाल कटारिया का स्वागत किया। एक निजी होटल में भाजपा कार्यकर्ताओं और जैन समाज के लोगों ने कटारिया को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक दिप्ती माहेश्वरी, पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक रांका समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
देवराज की चाकू से हुई हत्या
राजस्थान के उदयपुर में मामूली सी बात को लेकर दो छात्रों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ जाएगी, किसी ने सोचा नहीं था। दसवीं कक्षा के छात्र देवराज पर आयान ने चाकू से हमला कर दिया था, जिसके बाद रक्षाबंधन की रात देवराज ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना ने राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। छात्र देवराज के परिजन लगातार आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।
उदयपुर में छात्र की हत्या पर पंजाब के राज्यपाल ने चिंता व्यक्त की






