लेह के दुर्गुक इलाके में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 19 अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गया और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। लेह के डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि घायलों को सेना और सीएचसी तांगत्से स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। बस में लगभग 25 लोग सवार थे, जिनमें दो बच्चे और 23 स्कूल के कर्मचारी थे। यह बस एक कर्मचारी की शादी में शामिल होने के लिए डुरबुक जा रही थी, तभी डुरबुक मोड़ के पास गहरी खाई में गिर गई। प्रशासन ने घायलों को लेह के जिला अस्पताल ले जाने के लिए तीन हेलीकॉप्टरों की तैनाती की है। भारतीय सेना, लद्दाख पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारियों और स्थानीय निवासियों द्वारा मिलकर घायलों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचाने के लिए तेजी से बचाव कार्य शुरू किए गए।
लेह में स्कूल बस गहरी खाई में गिरी, छह मरे





