हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच सीटों के समझौते पर सहमति बन गई है। दोनों पार्टियां लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ेंगी। कांग्रेस ने आप को छह विधानसभा सीटें देने पर सहमति जताई है, जबकि सपा को भी दो सीटें दी गई हैं। संभव है कि सोमवार को इस गठबंधन की घोषणा हो जाए।
रविवार को हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया और आप के नेता राघव चड्ढा के बीच बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार, आप ने दस सीटों की मांग की थी, लेकिन कांग्रेस ने छह सीटें ही देने की पेशकश की, जिसे आप ने स्वीकार कर लिया। समझौते के अनुसार, पिहोवा, कलायत, जींद और एनसीआर में गुरुग्राम, ओल्ड फरीदाबाद और पानीपत ग्रामीण सीटें आप को मिल सकती हैं। हालांकि, आप ने पंजाब के साथ लगती गुहला-चीका सीट भी मांगी है, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पाई है।
लोकसभा चुनाव के दौरान आप ने कुरुक्षेत्र सीट से डॉ. सुशील गुप्ता को उतारा था और गुहला-चीका, पिहोवा, शाहाबाद और कलायत क्षेत्रों में जीत हासिल की थी। इन चार सीटों के साथ-साथ एनसीआर में भी सीटें चाही जा रही हैं।
सपा को भी दो सीटें मिल सकती हैं, जिसमें एनसीआर की हथीन और सोहना विधानसभा सीटें शामिल हैं।
हरियाणा: विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस और आप का गठबंधन, सपा को दो तो आप को छ: सीटें






