उत्तर प्रदेश के अनवरगंज-कासगंज रूट पर कानपुर से भिवानी जा रही कालिंदी एक्सप्रेस (14117) रविवार रात एक हादसे से बाल-बाल बच गई। ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश के तहत ट्रैक पर सिलेंडर रखा गया था। बर्राजपुर और बिल्हौर के बीच, लगभग 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती ट्रेन जब सिलेंडर से टकराई तो जोरदार धमाका हुआ। लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे, एटीएस के आईजी नीलाब्जा चौधरी अपनी टीम के साथ बर्राजपुर-उत्तरीपुरा रेल पथ पर पहुंचे और घटना की जांच की। मौके पर एडीसीपी विजेंद्र द्विवेदी और सहायक पुलिस आयुक्त अजय त्रिवेदी भी मौजूद थे। आईजी नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि घटना स्थल पर एक गैस सिलेंडर, पेट्रोलियम भरी हुई कांच की बोतल और एक थैले में अन्य ज्वलनशील पदार्थ मिले हैं। फोरेंसिक टीम भी मामले की गहन जांच कर रही है। सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने बताया कि 12 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। मामले के कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
कानपुर के पास फिर से ट्रेन को पलटाने की साजिश, घटना की जाँच के आदेश





