राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नवीन जैन द्वारा चलाई जा रही एक अनूठी मुहिम “स्पर्श” ने सुरक्षित राजस्थान के तहत शनिवार को सीकर के कई स्कूलों में “सुरक्षित सीकर” अभियान चलाया। स्पर्श टीम ने इस अभियान में 10 हजार से अधिक बच्चों को “सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श” के बारे में बताकर जागरूक किया। श्री नवीन जैन ने बताया कि देश में छोटे बच्चों के साथ दिन प्रतिदिन बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं को देखकर एक दिन उनके मन में ख्याल आया कि क्यों न बच्चों के लिए कुछ किया जाय। यही सोचकर उन्होंने 5 साल पहले इस अभियान की शुरुआत की। धीरे धीरे इस अभियान ने गति पकड़ी, और उनके साथ जुड़े हुए भिन्न भिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे कई वॉलिंटियर ने “सैटरडे फॉर सोसायटी” यानि “एक शनिवार समाज के लिए” के तहत प्रत्येक शनिवार को विभिन्न स्कूलों में बच्चों को जागरूक करना आरंभ किया।

श्री जैन ने बताया कि बिना किसी कार्यालय, एवं आर्थिक सहायता के चलाया जा रहा यह अभियान एक दिन इतना बड़ा अभियान बन जायेगा, ये कभी सोचा नहीं था। श्री जैन ने आगे बताया कि स्कूलों में चलाया जा रहा यह अभियान अबतक लाखों बच्चों को लाभान्वित कर चुका है। “सुरक्षित स्कूल सुरक्षित राजस्थान” के तहत इस अभियान ने 26 अगस्त 2023 को एक ही दिन में 65000 स्कूलों में 63 लाख से अधिक बच्चों, अध्यापकों, अभिवावकों सहित अन्य लोगों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान बताकर एक विश्व रिकार्ड भी कायम किया है। सीकर में हुए इस अभियान में नवीन जैन के अलावा सुनीता जैन, नीरू नरुका, डॉ. रीना व्यास, डॉ. चन्द्रिका, डॉ. मुनमुन शर्मा, डॉ. सौरभ जैन, प्रज्ञा श्रीवास्तव, बिंदु चौधरी, अनीता, शिल्पी शाह, सुमन सिंह, मीना अरुण, एवं अशोक शर्मा ने सीकर के नवजीवन सीबीएसई स्कूल, नवजीवन डिफेन्स अकादमी, प्रिंस अकादमी, विनायक स्कूल, मैट्रिक्स हाई स्कूल, भारतीय पब्लिक स्कूल, डेफोडल्स वर्ल्ड स्कूल, आदर्श पब्लिक स्कूल में सेशन लिए.





