दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत के बाद, आम आदमी पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग की है। शनिवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अमित शाह को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है, उन्हें गृह मंत्री के पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह सरकार गिराने और विधायकों की खरीद-फरोख्त में लगे हुए हैं, और केजरीवाल की गिरफ्तारी के पीछे असली गुनहगार वही हैं। सांसद संजय सिंह ने कहा कि हम पहले दिन से कह रहे हैं कि यह पूरा मामला झूठ पर आधारित है और इसे बनाने तथा फैलाने के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। देश की तानाशाही सरकार ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को बदनाम करने और खत्म करने के लिए ईडी और सीबीआई का सहारा लेकर झूठ का पहाड़ खड़ा किया। लेकिन पहले मनीष सिसोदिया की रिहाई, फिर अन्य लोगों की रिहाई और अब अरविंद केजरीवाल की जमानत ने साबित कर दिया है कि भाजपा के झूठ का पहाड़ ढह चुका है।
हरियाणा और दिल्ली के चुनावों में भाजपा को बुरी तरह हराने की बात करते हुए संजय सिंह ने कहा कि हर तानाशाही का अंत होता है। तानाशाह झुकते हैं, लेकिन उन्हें झुकाने वाला चाहिए, और वह व्यक्ति अरविंद केजरीवाल हैं, जिन्होंने अपनी ईमानदारी, संघर्ष और निष्ठा से दिल्ली और देश की सेवा की है। भाजपा उन्हें जेल में रखकर उनके हौसले नहीं तोड़ सकती। यह पूरे देश और दिल्ली के लिए खुशी का पल है। अब हम हरियाणा और दिल्ली के चुनावों में भाजपा को बुरी तरह से पराजित करेंगे, और अरविंद केजरीवाल के बाहर आने के बाद इस अभियान को और ताकत मिलेगी। केजरीवाल की जमानत मिलने पर हुई आतिशबाजी के सवाल पर संजय सिंह से पूछा गया कि जब दिल्ली सरकार ने पटाखों पर प्रतिबंध लगाया है तो आतिशबाजी क्यों हुई? इस पर उन्होंने कहा कि बीजेपी ऐसी पार्टी है, जो कभी आलू पूड़ी, कभी मिठाई लेकर आती है। असल मुद्दा यह है कि वे दिल्ली के लोगों के लिए योजनाएं लेकर आएं। संगठन और सरकार का काम करना है, न कि ऐसे सवाल उठाना।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद गृहमंत्री को अपने पद पर रहने का अधिकार नहींः संजय सिंह






