खराब जीवनशैली और अनियमित खानपान की वजह से आजकल लोग कई गंभीर बीमारियों का आसानी से शिकार हो रहे हैं। इन्हीं बीमारियों में से एक है उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर)। इस स्थिति में अधिकतर लोगों को सीने में दर्द, घबराहट, सिरदर्द और धुंधलापन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। साथ ही, गंभीर मामलों में दिल का दौरा पड़ने की संभावना भी बढ़ जाती है। उच्च रक्तचाप को पूरी तरह ठीक करने का कोई विशेष इलाज नहीं है, लेकिन खानपान में कुछ बदलाव कर इसे नियंत्रित जरूर किया जा सकता है। आपको ध्यान देना चाहिए कि आप ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन न करें जो आपके ब्लड प्रेशर को अचानक बढ़ा दें। हमेशा ऐसे खाद्य पदार्थ चुनें जो उच्च बीपी की स्थिति में राहत पहुंचा सकें। यहां हम आपको 4 ऐसे खाद्य पदार्थों के बारे में बता रहे हैं, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मददगार हो सकते हैं।
हरी सब्जियां दिलाएंगी हाई बीपी से राहत
आप अपनी डाइट में पालक और लेट्यूस जैसी हरी सब्जियां शामिल करें। इनमें कैल्शियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में सहायक होते हैं।
केला करेगा ब्लड प्रेशर को नियंत्रित
केले में पोटैशियम प्रचुर मात्रा में होता है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है। हाई बीपी से बचने के लिए आप रोजाना एक केला खा सकते हैं या इससे कुछ स्वादिष्ट व्यंजन बना सकते हैं।
चुकंदर है फायदेमंद
चुकंदर में नाइट्रिक ऑक्साइड अधिक मात्रा में पाया जाता है, जो रक्त वाहिकाओं को खोलने और रक्त प्रवाह को बेहतर बनाने में सहायक होता है। इससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है। आप चुकंदर को अपनी डाइट में विभिन्न तरीकों से शामिल कर सकते हैं।
लहसुन भी करता है ब्लड प्रेशर कंट्रोल
लहसुन में एंटी-बायोटिक और एंटी-फंगल गुण होते हैं और यह नाइट्रिक ऑक्साइड के स्तर को बढ़ाता है। यह मांसपेशियों को आराम देने और रक्त वाहिकाओं को फैलाने में मदद करता है, जिससे रक्त प्रवाह बेहतर होता है और बीपी नियंत्रित रहता है। आप लहसुन की कच्ची कली खा सकते हैं या इसे अपने खाने में इस्तेमाल कर सकते हैं।
# कोई भी इलाज करने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें.






