राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम, राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (आरएसजीएल) ने ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपने स्थापना दिवस के अवसर पर 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक पाइपलाइन से घरेलू गैस (डीपीएनजी) के नए कनेक्शन लेने वालों के लिए एक प्रोत्साहन योजना शुरू की है। आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह ने बताया कि इस अवधि के दौरान कोटा शहर में डीपीएनजी कनेक्शन लेने वाले पहले 1,000 उपभोक्ताओं को लगभग एक महीने की गैस मुफ्त प्रदान की जाएगी। गुरुवार को रणवीर सिंह ने नए डीपीएनजी गैस कनेक्शन लेने वालों के लिए नि:शुल्क पीएनजी कनेक्शन का पोस्टर जारी किया।
पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू गैस वितरण अधिक किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल है, जिससे ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही बार-बार सिलेंडर बुक कराने और बदलने की आवश्यकता भी समाप्त हो जाएगी। आरएसजीएल कोटा में सीएनजी और पीएनजी की सेवाओं के लिए आधारभूत संरचना का विकास कर रहा है, जिसमें घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक कनेक्शन के साथ-साथ सीएनजी सेवाएं भी शामिल हैं। प्रोत्साहन योजना के तहत, डीपीएनजी कनेक्शन लेने वालों को प्रत्येक बिलिंग चक्र में 3.3 स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) गैस तीन बिलिंग चक्रों के लिए मुफ्त दी जाएगी। नए डीपीएनजी कनेक्शन के लिए आरएसजीएल के कोटा कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। आपको बता दें कि कोटा शहर में सीएनजी और पीएनजी की सेवाएं आरएसजीएल द्वारा प्रदान की जा रही हैं।
राजस्थान में पाइप लाइन से घरेलू गैस कनेक्शन लेने पर एक माह तक गैस फ्री






