भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है और भारत ने स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के शतक की बदौलत छह विकेट पर 339 रन बना लिए हैं। भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सातवें विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी की है। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 250 रनों के अंदर ही ढेर हो जाएगी, लेकिन टॉप ऑर्डर के ढहने के बाद अश्विन और जडेजा ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए टीम को संभाला। अश्विन ने 112 गेंदों पर 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 102 रन बनाए, जबकि जडेजा 117 गेंदों में 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 86 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो सही साबित हुआ। तेज गेंदबाज हसन महमूद की घातक गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। महमूद ने पहले कप्तान रोहित शर्मा, फिर पूर्व कप्तान विराट कोहली और शुभमन गिल को जल्दी पवेलियन भेजकर भारत को मुश्किल में डाल दिया। रोहित और कोहली दोनों 6 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल बिना खाता खोले लौट गए। पहले दिन लंच तक भारत ने तीन विकेट खोकर 88 रन बनाए थे। यशस्वी जायसवाल 37 रन और ऋषभ पंत 33 रन बनाकर क्रीज पर थे, लेकिन लंच के बाद एक बार फिर विकेट गिरने लगे। तीसरे ओवर में ऋषभ पंत को हसन महमूद ने विकेटकीपर लिटन दास के हाथों कैच करा दिया। पंत 39 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यशस्वी जायसवाल 118 गेंदों पर 56 रन बनाकर आउट हुए, उन्हें नाहिद राणा ने स्लिप में शदमान इस्लाम के हाथों कैच कराया। कुछ समय बाद केएल राहुल को मेहदी हसन मिराज ने जाकिर हसन के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। राहुल ने 16 रन बनाए। चायकाल तक भारत ने छह विकेट पर 176 रन बना लिए थे। इसके बाद अश्विन और जडेजा ने पारी को संभाला और आखिरी सत्र में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने चार विकेट, जबकि नाहिद राणा और मेहदी हसन मिराज ने एक-एक विकेट लिया।
अश्विन और जडेजा की शतकीय साझेदारी से भारत के छह विकेट पर बनाए 339 रन






