
भारत की महिला क्रिकेट टीम ने 52 साल के इतिहास में आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में सात विकेट खोकर 298 रन बनाए, जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 246 रन पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके और मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एल वोल्वार्ट की 101 रन की पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। यह भारत का महिला वनडे विश्व कप इतिहास में पहला खिताब है। गौरतलब है कि महिला वनडे विश्व कप की शुरुआत 1973 में हुई थी।
भारत की पारी
भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 298 रन बनाए। दीप्ति शर्मा (58 रन) और शेफाली वर्मा (87 रन) ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। स्मृति मंधाना ने 45 रन का योगदान दिया, जबकि ऋचा घोष ने 24 गेंदों में 34 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। जेमिमा रॉड्रिग्स ने 24 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 20 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अयाबोंगा खाका ने तीन विकेट झटके, जबकि मलाबा, डी क्लर्क और ट्रायन को एक-एक विकेट मिला।
दक्षिण अफ्रीका की पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान एल वोल्वार्ट (101 रन, 98 गेंदें, 11 चौके, 1 छक्का) ने एक छोर संभाले रखा, मगर अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। ताजमिन ब्रिट्स (23), सुने लूस (25), डर्कसेन (35) और डी क्लर्क (18) ने कुछ प्रयास किए, लेकिन टीम 45.3 ओवर में 246 रन पर ढेर हो गई। भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने भी गेंदबाजी में दो विकेट लेकर कमाल दिखाया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
देशभर में जश्न का माहौल
भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई। दिल्ली, मुंबई और सूरत सहित कई शहरों में लोगों ने सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया, नारे लगाए और आतिशबाजी की। दिल्ली में क्रिकेट फैंस ने डांस करते हुए टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। सूरत में तिरंगा लहराते हुए लोगों ने आतिशबाजी की, जबकि मुंबई के चेंबूर इलाके में फैंस ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आईसीसी महिला विश्व कप 2025 जीतने पर हार्दिक बधाई। यह ऐतिहासिक जीत महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन अद्भुत कौशल और आत्मविश्वास से भरा रहा। यह ऐतिहासिक जीत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।”
गृहमंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, “विश्व विजेता टीम इंडिया को सलाम! यह जीत करोड़ों लड़कियों के लिए प्रेरणा बनेगी।”
खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने लिखा, “इतिहास रच दिया! हमारी वूमेन इन ब्लू ने देश को गौरवान्वित किया है।”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, “टीम इंडिया ने साहस, कौशल और विश्वास का अद्भुत प्रदर्शन किया है। आपने पूरे देश का दिल जीत लिया।”
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लिखा, “महिला टीम की यह जीत हर युवा लड़की के लिए प्रेरणा है। आपने साबित किया है कि आप विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं और हमारे लिए गर्व का कारण हैं।”
यह जीत केवल एक खेल की विजय नहीं, बल्कि भारत की बेटियों के सपनों की जीत है, जिसने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।






