
आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश की क्रिकेट टीम को बाहर किए जाने के बाद अब यह फैसला देश के मीडिया जगत पर भी असर डालता नजर आ रहा है। इस टूर्नामेंट की कवरेज के लिए बांग्लादेश से 80 से अधिक पत्रकारों ने आवेदन किया था, लेकिन सभी के एक्रिडिएशन आवेदन खारिज कर दिए गए हैं।
आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश का रुख उसे लगातार नुकसान पहुंचाता दिख रहा है। पहले सुरक्षा कारणों के चलते टीम को टूर्नामेंट से बाहर किया गया और अब बांग्लादेशी पत्रकारों को भी एक्रिडिएशन से वंचित कर दिया गया है। दरअसल, बांग्लादेश की टीम ने भारत में सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए अपने टी-20 विश्व कप मुकाबले श्रीलंका में कराने की मांग की थी। हालांकि, आईसीसी ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया, लेकिन बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहा। इसके बाद आईसीसी ने कड़ा कदम उठाते हुए बांग्लादेश को टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। अब सामने आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी ने बांग्लादेशी मीडिया कर्मियों के एक्रिडिएशन आवेदन भी अस्वीकार कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ फोटो जर्नलिस्ट्स को 20 और 21 जनवरी को शुरुआती मंजूरी के ईमेल मिले थे, लेकिन बाद में उनके एक्रिडिएशन रद्द कर दिए गए। बीसीबी मीडिया कमेटी के चेयरमैन अमजद हुसैन के हवाले से कहा गया है कि इस साल करीब 80 से 90 बांग्लादेशी पत्रकारों ने एक्रिडिएशन के लिए आवेदन किया था। अमजद के अनुसार, “मेरी जानकारी के अनुसार, सभी बांग्लादेशी पत्रकारों के आवेदन खारिज कर दिए गए हैं। इस बार किसी को भी एक्रिडिएशन नहीं मिला।”
आईसीसी ने दिया था विकल्प
बांग्लादेश ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से रिलीज किए जाने के बाद सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने ग्रुप स्टेज के मुकाबले भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी। इसके अलावा, बांग्लादेश ने आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का प्रस्ताव भी आईसीसी को दिया था। हालांकि, आईसीसी ने इन मांगों को ठुकराते हुए बांग्लादेश को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने और भारत में ही मैच खेलने की सलाह दी थी। आईसीसी के सुझाव को न मानने के चलते अंततः बांग्लादेश को टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर कर दिया गया, जिसका असर अब टीम के साथ-साथ देश के खेल पत्रकारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।





