बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और तेज गेंदबाज जहानारा आलम ने देश के क्रिकेट जगत को हिला देने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने टीम के पूर्व मुख्य चयनकर्ता और मैनेजर मंजरुल इस्लाम पर यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
जहानारा ने बांग्लादेशी पत्रकार रियासत अजीम के यूट्यूब चैनल पर दिए एक इंटरव्यू में कहा, “मुझे कई बार अशोभनीय प्रस्ताव मिले, सिर्फ एक बार नहीं। जब आप टीम से जुड़े होते हैं, तब बहुत कुछ कह नहीं पाते। जब आपकी रोजी-रोटी उसी पर निर्भर हो, तो आवाज उठाना आसान नहीं होता।”
उन्होंने बताया कि टीम मैनेजर मंजरुल इस्लाम बिना अनुमति उनके कंधे पर हाथ रखते, उनके पीरियड्स के बारे में पूछते और निजी बातें करते जिनसे वे बेहद असहज महसूस करती थीं। यहां तक कि वह हाथ मिलाने की बजाय सार्वजनिक रूप से उन्हें गले लगाने की कोशिश करते थे। जहानारा का कहना है कि मंजरुल ने उनके अनुचित प्रस्ताव ठुकराने पर उनके करियर को बर्बाद करने की कोशिश की।
जहानारा ने दावा किया कि उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत बीसीबी के पूर्व निदेशक शफीउल इस्लाम नादेल और सीईओ निजामुद्दीन चौधरी से की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने दिवंगत अधिकारी तौहीद महमूद और सरफराज बाबू पर भी इसी तरह के अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
बीसीबी की प्रतिक्रिया:
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक जांच समिति गठित की है। बोर्ड ने कहा कि यह समिति 15 कार्यदिवसों के भीतर अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें पेश करेगी।
बीसीबी ने अपने बयान में कहा, “हम अपने सभी खिलाड़ियों और कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और पेशेवर माहौल सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं। यह मामला बेहद संवेदनशील है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।”
जहानारा का करियर:
जहानारा आलम बांग्लादेश की एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने भारत में महिला टी20 चैलेंज और फेयरब्रेक इनविटेशनल टी20 जैसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया है। उन्होंने बांग्लादेश के लिए 52 वनडे में 48 और 83 टी20 मैचों में 60 विकेट झटके हैं। फिलहाल वह मानसिक स्वास्थ्य कारणों से क्रिकेट से ब्रेक लेकर ऑस्ट्रेलिया में रह रही हैं।





