पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को लगने वाले झटकों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस मामले में पाकिस्तान को हर ओर से झटका झेलना पड़ रहा है।
इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बहुत बढ़ गया है। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों से उनका धर्म पूछकर हिंदू होने की पुष्टि के बाद अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। हमले में पाकिस्तान का हाथ सामने आने के बाद भारत सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए तुरंत प्रभाव से सिंधु जल संधि पर रोक लगा दी, पाकिस्तानियों को वीज़ा देना बंद कर दिया, जारी वीज़ा रद्द कर दिए, पाकिस्तान नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दे दिया, दिल्ली स्थित पाक उच्चायोग में तैनात रक्षा, नौसेना और वायुसेना सलाहकारों को “अवांछित व्यक्ति” घोषित कर देश छोड़ने का निर्देश दे दिया और उच्चायोग की सुरक्षा भी हटा दी गई। हालांकि इन कदमों के बावजूद पाकिस्तान पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
हर तरफ से पाकिस्तान को झटके
पहलगाम आतंकी हमले के बाद अब पाकिस्तान को चौतरफा झटका लगा है। पाकिस्तान की टी-20 क्रिकेट लीग पीएसएल, जिसे भारत में भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर दिखाया जाता था, अब उस पर भी कड़ी कार्रवाई की गई है। भारत में चार प्रमुख वेबसाइट्स और ऐप्स ने पीएसएल की लाइव स्ट्रीमिंग और उससे जुड़ी सभी सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। ये वेबसाइट्स और ऐप्स हैं:
◙ Cricbuzz
◙ FanCode
◙ SonyLIV
◙ Dream11
फैनकोड और सोनीलिव पर पीएसएल के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग होती थी, वहीं क्रिकबज़ पर पीएसएल से जुड़ी खबरें और आंकड़े देखे जा सकते थे। ड्रीम11 पर यूजर्स पीएसएल के खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल कर ऑनलाइन पैसा कमा सकते थे। अब इन सभी सेवाओं पर बैन लगने से पीएसएल की व्यूअरशिप में भारी गिरावट आएगी, जिससे पाकिस्तान को आर्थिक रूप से भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।






