बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के साथ-साथ बीकेटीसी के अंतर्गत आने वाले अन्य मंदिरों में भोग और प्रसाद की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। इस एसओपी में भोग प्रसाद की तैयारी, उसमें उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री, उसके भंडारण और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। साल में कम से कम एक बार भोग और प्रसाद का खाद्य सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा। तिरुपति मंदिर के प्रसाद में देसी घी के लड्डू में मिलावट की घटना के बाद, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने भी बदरीनाथ, केदारनाथ धाम और अन्य मंदिरों के भोग और प्रसाद के लिए एसओपी जारी की है।
इसमें भोग और प्रसाद में उपयोग किए जाने वाले चावल, तेल, घी, मसाले, और केसर की गुणवत्ता की जांच और इन्हें विश्वसनीय व्यापारियों से खरीदने के निर्देश दिए गए हैं। भोग और प्रसाद बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाले तेल का उपयोग तीन बार से अधिक न करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा, भोग और प्रसाद की तैयारी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। खाद्य सामग्री को अधिक समय तक स्टॉक में न रखने और उसकी नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही, साल में एक बार भोग और प्रसाद का फूड सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा, जिसमें भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण द्वारा अधिकृत प्रयोगशाला में खाद्य सामग्री की जांच की जाएगी।
बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में प्रसाद की गुणवत्ता को लेकर एसओपी जारी






