हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार सुबह करंट फैलने की अफवाह के चलते भारी भगदड़ मच गई, जिससे एक बड़ा हादसा हो गया। अफरा-तफरी के इस माहौल में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह घटना सुबह करीब नौ बजे उस समय हुई जब श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर की ओर चढ़ाई कर रही थी। तभी अचानक किसी ने करंट फैलने की अफवाह फैला दी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और भगदड़ मच गई। अफवाह के चलते लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे और कई श्रद्धालु दब गए। शोरगुल और चीख-पुकार के बीच हालात बेकाबू हो गए।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटना के तुरंत बाद हरिद्वार पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि राज्य सरकार की ओर से देने की घोषणा की। मनसा देवी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की और बताया कि ट्रस्ट की ओर से भी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही ट्रस्ट पीड़ितों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था करेगा।
हरिद्वार के मनसा देवी में करंट की अफवाह फैलने से भगदड़, आठ लोगों की मौत






