रविवार को राज ठाकरे जब 13 साल बाद मातोश्री पहुंचे, तो महाराष्ट्र की सियासत में हलचल मच गई। उनकी यह मुलाकात न सिर्फ व्यक्तिगत रिश्तों की गर्माहट लौटने का संकेत मानी जा रही है, बल्कि मनसे और शिवसेना (यूबीटी) के संभावित गठबंधन की अटकलों को भी बल मिला है।
महाराष्ट्र की राजनीति में ठाकरे बंधुओं की बढ़ती नजदीकियां एक बार फिर देखने को मिलीं, जब मनसे प्रमुख राज ठाकरे, शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को उनके जन्मदिन पर बधाई देने मातोश्री पहुंचे। उद्धव ठाकरे और पार्टी नेता संजय राउत ने राज ठाकरे का दरवाजे पर स्वागत किया। इस दौरान राज ठाकरे ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। इससे पहले वह साल 2012 में उद्धव ठाकरे की एंजियोप्लास्टी के बाद उनका हालचाल जानने मातोश्री गए थे।
20 वर्षों में दूसरी बार पहुंचे मातोश्री
शिवसेना से अलग होने के बाद राज ठाकरे केवल दो बार मातोश्री पहुंचे हैं, पहली बार 2012 में और अब 2025 में। यही वजह है कि उनकी यह मुलाकात राजनीति में एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में इसे रिश्तों में जमी बर्फ के पिघलने के तौर पर देखा जा रहा है।
निकाय चुनाव में साथ आने की संभावना
मराठी मानुष और तीन भाषा नीति जैसे मुद्दों पर बनी सहमति ने मनसे और शिवसेना (यूबीटी) को करीब लाया है। राज ठाकरे ने एक साक्षात्कार में संकेत दिए थे कि वह उद्धव ठाकरे के साथ मराठी अस्मिता के मुद्दे पर साथ आ सकते हैं, जिस पर उद्धव ठाकरे ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी थी। हालांकि, दोनों दलों की ओर से बाद में आए बयानों ने थोड़ी अस्पष्टता जरूर पैदा की, लेकिन जब सरकार ने तीन भाषा नीति से पीछे हटने की घोषणा की, तो दोनों दलों ने इसे अपनी जीत बताई। इसके बाद 5 जुलाई को मुंबई में संयुक्त रैली आयोजित की गई, जिसमें करीब 20 साल बाद दोनों भाई एक ही मंच पर नजर आए। हालांकि, इसी बीच उद्धव ठाकरे के एक बयान ने अटकलों को कुछ हद तक विराम दे दिया। उन्होंने निकाय चुनाव में गठबंधन पर साफ शब्दों में कुछ न कहते हुए यह कहा कि परिस्थिति देखकर निर्णय लिया जाएगा। लेकिन अब जब राज ठाकरे खुद मातोश्री पहुंचे हैं, तो यह उन कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए आशाजनक है जो दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उद्धव ठाकरे को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, “शिवसेना अध्यक्ष और इंडी गठबंधन के साथी उद्धव ठाकरे जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आप स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और हम मिलकर महाराष्ट्र की जनता के अधिकारों के लिए लड़ते रहें।”






