तमिलनाडु के त्रिची से शारजाह जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। इस घटना के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने डीजीसीए को जांच के आदेश दिए हैं। विमान में 141 यात्री सवार थे, और उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद विमान को त्रिची हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX613 के चालक दल और त्रिची हवाई अड्डे के अधिकारियों की तत्परता और प्रयासों की सराहना की है, जिनके कारण विमान सुरक्षित रूप से उतर सका। शुक्रवार शाम 5:32 बजे त्रिची से उड़ान भरने के कुछ समय बाद पायलट ने लैंडिंग गियर के हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी का पता लगाया, जिसके बाद आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी गई। विमान ने ढाई घंटे तक हवा में चक्कर लगाकर ईंधन कम किया और फिर रात 8:15 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।
मंत्रालय ने बताया कि 6:05 बजे पूर्ण आपातकाल की घोषणा के बाद हवाई अड्डे और इमरजेंसी टीमों ने तेजी और प्रभावी तरीके से काम किया। डीजीसीए को इस घटना की गहन जांच का निर्देश दिया गया है ताकि हाइड्रॉलिक समस्या का कारण पता लगाया जा सके। इस दौरान विमान में सवार यात्रियों और हवाई अड्डे के कर्मचारियों में तनाव बना रहा, लेकिन सभी ने सुरक्षित लैंडिंग की प्रार्थना की। हवाई अड्डे पर सभी विमानों की आवाजाही रोक दी गई थी, और 18 दमकल गाड़ियों और 20 एंबुलेंस को तैयार रखा गया था।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में कहा कि ऑपरेटिंग क्रू ने आपात स्थिति घोषित नहीं की थी। तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद, विमान ने ईंधन और वजन कम करने के लिए कई चक्कर लगाए और फिर सुरक्षित एहतियाती लैंडिंग की। समस्या की जांच की जाएगी, और यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है।
शारजाह जा रहे विमान की तमिलनाडु में आपात लैंडिंग, डीजीसीए ने दिए जांच के आदेश



