नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक दल के नेता उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कांग्रेस, आप, माकपा और निर्दलीय विधायकों के समर्थन पत्र भी एलजी को सौंपे। उमर अब्दुल्ला बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। एलजी से मुलाकात के बाद उमर ने कहा कि सरकार गठन की प्रक्रिया में दो-तीन दिन का समय लग सकता है क्योंकि दस्तावेज तैयार कर राष्ट्रपति भवन और गृह मंत्रालय को भेजे जाएंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शपथ ग्रहण होगा।
इससे पहले कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में एनसी को बिना शर्त समर्थन देने का निर्णय लिया गया। बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर सीएलपी नेता चुनने के लिए कांग्रेस आलाकमान को अधिकृत किया गया। बैठक के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने एनसी को समर्थन देने की बात कही और स्पष्ट किया कि पार्टी की कोई विशेष मांग नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारा गठबंधन संख्या या मंत्री पद से ऊपर है।
उधर, आम आदमी पार्टी और जम्मू क्षेत्र की ठंडामंडी सीट से निर्दलीय विधायक मुजफ्फर इकबाल खान ने भी एनसी को समर्थन देने की घोषणा की है। इससे पहले चार अन्य निर्दलीय विधायक एनसी को समर्थन दे चुके हैं। आम आदमी पार्टी का एक विधायक है, जिससे 90 सदस्यों वाली विधानसभा में एनसी के समर्थक विधायकों की संख्या 55 हो गई है।
उमर अब्दुल्ला ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, मुख्यमंत्री के रूप में लेंगे शपथ






