अच्छी सेहत बनाए रखने के लिए खान-पान पर विशेष ध्यान देना सबसे जरूरी माना जाता है। आप जो भी खाते हैं, उसका सीधा असर सेहत पर पड़ता है। जिन चीजों को सेहत के लिए सबसे हानिकारक और गंभीर बीमारियों का कारण माना गया है, उनमें चीनी सबसे ऊपर है। अधिक चीनी खाने से टाइप-2 डायबिटीज, मेटाबॉलिज्म की समस्याएं, मोटापा और कई अन्य क्रोनिक बीमारियां हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सभी को संयमित मात्रा में ही चीनी का सेवन करना चाहिए, और जिन लोगों को डायबिटीज है, उन्हें चीनी या इससे बनी चीजों से परहेज करना चाहिए।
चीनी हमारी सेहत के लिए कई प्रकार से हानिकारक है और यह पूरे शरीर के लिए समस्याएं बढ़ा सकती है। इसमें अत्यधिक कैलोरी होती है जो शरीर में वसा के रूप में जमा हो जाती है, जिससे वजन बढ़ने का खतरा रहता है। इसी तरह, चीनी के सेवन से रक्त शर्करा के स्तर में तेजी से वृद्धि होती है और इंसुलिन संवेदनशीलता पर असर पड़ता है। यह टाइप-2 डायबिटीज का एक प्रमुख जोखिम कारक है। अधिक चीनी का सेवन रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल, और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को बढ़ाकर दिल की बीमारियों का भी कारण बन सकता है। चीनी में फ्रक्टोज होने के कारण इसके अधिक सेवन से लिवर संबंधी बीमारियां हो सकती हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, आपको कितनी चीनी खानी चाहिए, यह आपके दिनभर की कैलोरी पर निर्भर करता है। आहार में अत्यधिक कैलोरी वाले पदार्थों से बचना चाहिए। कैंडी, जूस, कोल्ड ड्रिंक्स जैसी चीजों में छिपी हुई ऐडेड शुगर अधिक होती है, जो सेहत के लिए और भी हानिकारक मानी जाती है। फलों में प्राकृतिक शुगर होती है, जो शरीर को अधिक नुकसान नहीं पहुंचाती।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, पुरुषों को एक दिन में 37.5 ग्राम (लगभग 9 चम्मच) से अधिक चीनी नहीं खानी चाहिए, जबकि महिलाओं के लिए यह सीमा 25 ग्राम (लगभग 6 चम्मच) है। बच्चों के लिए यह मात्रा उम्र के अनुसार अलग-अलग होती है, लेकिन आमतौर पर 20-25 ग्राम (लगभग 5-6 चम्मच) से अधिक चीनी का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। चीनी का सेवन कम करने के लिए सोडा, एनर्जी ड्रिंक, और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे मीठे पेयों का सेवन कम करना चाहिए। प्रोसेस्ड फूड में भी चीनी अधिक होती है, इसलिए इनका सेवन भी सीमित करें। चीनी के स्वस्थ विकल्प जैसे गुड़ और खजूर को प्राथमिकता दी जा सकती है।
डायबिटीज के रोगी इस बारे में जानने के लिए डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
जानिए एक दिन में कितनी मात्रा में खा सकते हैं चीनी, ज्यादा मीठी चीजें खाने से सेहत पर होता है सीधा असर






