पिछले कुछ दिनों में फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बीच अब एयर इंडिया के एक विमान में कारतूस पाया गया है। यह फ्लाइट दुबई से दिल्ली लैंड हुई थी। लैंडिंग के बाद, फ्लाइट की एक सीट की जेब से एक कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद स्टाफ ने तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और एयरपोर्ट पुलिस को इसकी सूचना दी। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 27 अक्टूबर की है। प्रवक्ता ने बताया कि 27 अक्टूबर 2024 को दुबई से दिल्ली आने के बाद हमारी फ्लाइट AI-916 की एक सीट की जेब में एक कारतूस पाया गया था। हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित विमान से उतर गए थे। एयर इंडिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एयरपोर्ट पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इससे पहले भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा संचालित 25 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 25 अक्टूबर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। पिछले महीने 12 दिनों में भारतीय विमानन कंपनियों की 275 से अधिक उड़ानों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकियां मिली थीं, जिनमें से अधिकांश धमकियां सोशल मीडिया के माध्यम से दी गईं। सूत्रों के अनुसार इंडिगो, विस्तारा और स्पाइसजेट की सात-सात उड़ानों और एयर इंडिया की छह उड़ानों को धमकियां मिली थीं। इंडिगो के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा था कि उदयपुर से दिल्ली जाने वाली उड़ान 6ई 2099 को भी बम की धमकी मिली थी। सुरक्षा एजेंसी के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए, उड़ान से पहले विमान को एकांत स्थान पर भेजा गया और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। सरकार विमानन कंपनियों को बम धमकी की घटनाओं से निपटने के लिए विधायी कदम उठाने की योजना बना रही है, जिसमें ऐसी धमकियां देने वालों को ‘नो-फ्लाई’ सूची में डालना भी शामिल है।
दुबई से दिल्ली आये एयर इंडिया के विमान में मिला कारतूस



