उत्तराखंड के अल्मोड़ा में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। मार्चुला के पास एक बस गहरी खाई में गिर गई है, जिसमें 38 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। जानकारी के अनुसार, नैनी डांडा से रामनगर जा रही यह बस आज सुबह खाई में गिर गई। बस गीत जागीर नदी के किनारे गिरी, जिसमें 38 लोगों की जान चली गई है और कई अन्य घायल हैं।
सारड बैंड के पास नदी में गिरी बस से जुड़ी शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस नैनीडांडा के किनाथ से यात्रियों को लेकर रामनगर जा रही थी। यह यूजर्स कंपनी की बस थी, जो सारड बैंड के पास नदी में जा गिरी। आपदा प्रबंधन अधिकारी अल्मोड़ा, विनीत पाल ने बताया कि 38 यात्रियों की मौत हो चुकी है, और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। टीम रेस्क्यू में लगी हुई है। यह बस 40 सीटर थी, लेकिन इसमें 55 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद कुछ यात्री स्वयं बस से बाहर निकल आए, जबकि कुछ लोग छिटककर नीचे गिर गए। घायलों ने ही घटना की सूचना अन्य लोगों तक पहुंचाई। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है, और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस बस हादसे पर सचिव आपदा प्रबंधन, कुमाऊं मंडल आयुक्त और डीएम अल्मोड़ा से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली और राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाने के निर्देश दिए। डीएम देहरादून को विशेष रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी के लिए भेजा जा रहा है। एनडीआरएफ की टीम भी एसडीआरएफ के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई है। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में बस खाई में गिरी, 38 यात्रियों की मौत






