दिल्ली-एनसीआर में कोहरे के कारण उड़ानों पर असर पड़ रहा है। आईजीआई एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स की उड़ान में देरी दर्ज की गई है। इंडिगो एयरलाइंस ने कोहरे की स्थिति को देखते हुए यात्रियों के लिए यात्रा सलाह जारी की है। एयरलाइंस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके यात्रियों को सुझाव दिया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले पर्याप्त समय लें और अपनी फ्लाइट की स्थिति जांच लें। पोस्ट में बताया गया है कि “कोहरा दिल्ली में दृश्यता को प्रभावित कर रहा है, जिससे यातायात धीमा हो सकता है और उड़ानों में देरी हो सकती है।”
दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने जानकारी दी कि फिलहाल सभी उड़ान संचालन सामान्य हैं, लेकिन यात्रियों से कहा गया है कि वे अपनी फ्लाइट की ताजा जानकारी संबंधित एयरलाइन से प्राप्त करें। आईजीआई एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों में औसतन 24 मिनट की देरी देखी गई है। शनिवार रात से रविवार शाम तक लगभग 200 उड़ानों में 5 मिनट से 1 घंटे या उससे अधिक की देरी दर्ज की गई। इसमें उन उड़ानों का भी योगदान है, जो अन्य शहरों से दिल्ली आने के बाद यहां से प्रस्थान करती हैं।
कोहरे का असर न केवल दिल्ली बल्कि अन्य शहरों में भी देखने को मिल रहा है। उदाहरण के तौर पर, यदि पटना में कोहरा है, तो वहां से आने वाली फ्लाइट की देरी के कारण दिल्ली से उसकी प्रस्थान उड़ान भी प्रभावित होगी। हालांकि, इस बार पिछली बार की तुलना में कोहरे का असर कम रहने की उम्मीद है। इसके पीछे मुख्य कारण है कि रनवे पर कैट-3 तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे कम दृश्यता में भी उड़ानों का संचालन सुगमता से किया जा सकता है। केवल एक रनवे पर यह तकनीक उपलब्ध नहीं है, लेकिन इसके पीछे तकनीकी कारण हैं। इसके अलावा, पिछली बार की घटनाओं से सीख लेते हुए इस बार बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है। पायलटों की दक्षता और लो-विजिबिलिटी प्रोटोकॉल के सक्रिय होने से उड़ानों का संचालन शून्य दृश्यता में भी संभव है।
दिल्ली में कोहरे के कारण कई फ्लाइट हुईं लेट; इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी




