उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने कर्ज में डूबी रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के अधिग्रहण के लिए हिंदुजा समूह की कंपनी इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड (आईआईएचएल) को अपनी मंजूरी दे दी है। यह जानकारी सूत्रों ने दी है। डीपीआईआईटी की मंजूरी इसलिए जरूरी थी क्योंकि आईआईएचएल के कुछ शेयरधारक हांगकांग के निवासी हैं, जो चीन के विशेष प्रशासनिक क्षेत्र के अंतर्गत आता है। भारत की प्रेस नोट-3 नीति के तहत, ऐसे देशों के नागरिकों या संस्थाओं को भारत में निवेश के लिए सरकारी अनुमति की आवश्यकता होती है, जो भारत की सीमा साझा करते हैं, जैसे चीन, बांग्लादेश, पाकिस्तान, भूटान, नेपाल, म्यांमार और अफगानिस्तान।
समाधान योजना को मिलेगी गति
सूत्रों के अनुसार, डीपीआईआईटी की मंजूरी से मॉरीशस स्थित आईआईएचएल की समाधान योजना को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस योजना के तहत, आईआईएचएल ने 9,861 करोड़ रुपये की बोली लगाकर रिलायंस कैपिटल के लिए सफल बोलीदाता का दर्जा प्राप्त किया है। राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ ने 27 फरवरी, 2024 को इस योजना को मंजूरी दी थी। यह मंजूरी ऋणदाताओं की समिति द्वारा दी गई थी, जिसमें 99.96 प्रतिशत सदस्यों ने इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया था।
31 जनवरी, 2025 तक सौदा पूरा करना अनिवार्य
यह मंजूरी हिंदुजा समूह के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्हें 31 जनवरी, 2025 की समयसीमा तक यह सौदा पूरा करना होगा। समयसीमा चूकने की स्थिति में, समूह को अमीर निवेशकों, अति-अमीर निवेशकों, और पारिवारिक कार्यालयों से जुटाई गई 3,000 करोड़ रुपये की धनराशि वापस करनी होगी। गौरतलब है कि नवंबर 2021 में भारतीय रिजर्व बैंक ने रिलायंस कैपिटल के निदेशक मंडल को भंग कर दिया था। इसका कारण कंपनी में शासन से संबंधित मुद्दे और वित्तीय चूक थे।
अनिल अंबानी की रिलायंस कैपिटल अब होगी हिंदुजा ग्रुप की कंपनी




