महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। राज्य में महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इस चुनाव में महायुति ने प्रचंड बहुमत हासिल किया, जबकि महाविकास अघाड़ी को करारी हार का सामना करना पड़ा। महायुति गठबंधन ने कुल 230 सीटें जीतीं, जबकि महाविकास अघाड़ी केवल 46 सीटों पर सिमट गई। महायुति में बीजेपी ने सबसे ज्यादा 132 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके बाद शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने 57 सीटें और एनसीपी (अजित पवार गुट) ने 41 सीटें जीतीं। दूसरी ओर, महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस को 16 सीटें, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) को 20 सीटें और एनसीपी (शरद पवार गुट) को 10 सीटें मिलीं। निर्दलीय और अन्य को कुल 12 सीटें मिली हैं।
राज्य में सरकार बनाने के लिए 145 सीटों की जरूरत होती है, और नतीजों से यह स्पष्ट हो गया है कि महायुति की सरकार बनेगी। हालांकि, मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसे लेकर अभी भी संशय बरकरार है। सूत्रों के अनुसार, अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से होगा, और देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे है। शिवसेना के कई नेता और विधायक एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाए रखने के पक्ष में हैं। इस बीच, एनसीपी (अजित पवार गुट) ने भी देवेंद्र फडणवीस के नाम का समर्थन किया है। खबरों के मुताबिक, आरएसएस ने भी फडणवीस के नाम पर सहमति जता दी है। देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाने में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है, क्योंकि चुनाव में महायुति को प्रचंड बहुमत दिलाने में उनका बड़ा योगदान रहा। हालांकि, मुख्यमंत्री पद के लिए अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सूत्रों का कहना है कि आज शाम दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में देवेंद्र फडणवीस के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। वहीं, शिवसेना के नेता और विधायक अभी भी एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने पर जोर दे रहे हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि महायुति में मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान जारी है।
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के लिए फडणवीस का नाम सबसे आगे





