साल 2004 में अलवर में आयोजित एक फैशन शो के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के मामले में अभिनेत्री श्वेता मेनन सोमवार को अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-5 के समक्ष पेश हुईं। आरोपी पक्ष के वकील अशोक शर्मा ने बताया कि 2004 में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के मामले में न्यायाधीश ने अभिनेत्री को 6 नवंबर, 2024 को अदालत में पेश होने का आदेश दिया था। अभिनेत्री की मां की गंभीर तबीयत के कारण वह निर्धारित तारीख पर अदालत में पेश नहीं हो सकीं, जिसके बाद न्यायालय ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए थे। इस पर, सोमवार को अभिनेत्री ने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर जमानत की याचिका दायर की, लेकिन न्यायाधीश ने इसे खारिज कर दिया।
मामले में अदालत ने अंतिम सुनवाई पूरी कर ली है और अब 6 दिसंबर को फैसले की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि अलवर निवासी आशीष गुप्ता ने 29 अक्टूबर, 2004 को शहर के एक होटल में फैशन शो आयोजित किया था। आरोप है कि इस शो के दौरान श्वेता मेनन ने राष्ट्रीय ध्वज को अपमानजनक तरीके से लहराया था।
राष्ट्रीय ध्वज अपमान के मामले में अभिनेत्री श्वेता मेनन को जमानत नहीं मिली, कोर्ट 6 दिसंबर को सुना सकता है फैसला






