बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शेख हसीना ने देश की स्थिति पूरी तरह खराब कर दी। यूनुस ने यह भी स्पष्ट किया कि बांग्लादेश में चुनाव तभी कराए जाएंगे जब चुनाव सुधार पूरे हो जाएंगे। निक्केई एशिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था, शासन व्यवस्था, नौकरशाही और न्यायपालिका में व्यापक सुधार की जरूरत है।
यूनुस ने फिर से जोर देकर कहा कि इंटरनेशनल क्राइम ट्रिब्यूनल में ट्रायल खत्म होने के बाद भारत को शेख हसीना का प्रत्यर्पण करना चाहिए। उन्होंने कहा, “जब ट्रायल पूरा हो जाएगा और फैसला आ जाएगा, तब हम भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण का अनुरोध करेंगे। अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत भारत उनका प्रत्यर्पण करने के लिए बाध्य है।”
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों को उन्होंने प्रोपेगैंडा करार दिया। उनका कहना है कि भारत सरकार द्वारा हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर जताई जा रही चिंता तथ्यों पर आधारित नहीं है, बल्कि यह केवल एक प्रोपेगैंडा है। 5 अगस्त को शेख हसीना की सरकार का तख्तापलट हो गया था, जिसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर भारत में शरण ली। हसीना सरकार के पतन के बाद से भारत और बांग्लादेश के रिश्ते काफी खराब हो गए हैं। इस दौरान बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले बढ़ने की खबरें भी आई हैं। हाल ही में हिंदू धर्मगुरु चिन्मय कृष्णा दास की गिरफ्तारी ने इन रिश्तों में और तनाव पैदा कर दिया। उन्हें देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। चटगांव की कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई 2 जनवरी तक टाल दी, क्योंकि उनके पक्ष से कोई वकील पेश नहीं हुआ। उनके समर्थकों का दावा है कि उनके वकील की जान को खतरा है।
यूनुस ने इंटरव्यू में बताया कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने चुनावी प्रणाली, संविधान और न्यायपालिका में सुधार के लिए कई आयोगों का गठन किया है। हालांकि, इन सुधारों को लागू करने में समय लगेगा क्योंकि सरकार नए सिरे से बांग्लादेश के पुनर्निर्माण की दिशा में काम कर रही है।
यूनुस ने खुद चुनाव लड़ने की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि शेख हसीना के 15 साल के शासनकाल में देश पूरी तरह से बर्बाद हो गया। उनके कार्यकाल में प्रशासनिक ढांचा ध्वस्त हो गया। यूनुस ने शेख हसीना पर दिखावटी चुनाव कराने और खुद को निर्विरोध विजेता घोषित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने एक फासीवादी शासक के रूप में देश पर शासन किया।
बांग्लादेश: मो. यूनुस ने कहा शेख हसीना का प्रत्यपर्ण करे भारत सरकार, उन्होंने सब कुछ बर्बाद कर दिया






