इज़राइल में मस्जिदों में लाउडस्पीकर से अज़ान देने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। देश के रक्षा मंत्री इतामार बेन ग्विर ने पुलिस को आदेश दिया है कि मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर जब्त करें और तेज़ आवाज़ से शोर करने वालों पर जुर्माना लगाएं। टाइम्स ऑफ इज़राइल के मुताबिक, पूर्वी यरुशलम और अन्य इलाकों में मस्जिदों से आने वाले तेज़ शोर की शिकायतें सामने आई थीं। लाउडस्पीकर बैन की मांग करने वालों का कहना है कि उनकी तेज़ आवाज़ से सुबह की नींद में खलल पड़ता है। बेन ग्विर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे एक ऐसा विधेयक तैयार करें, जिससे शोर मचाने वाली मस्जिदों पर जुर्माना बढ़ाया जा सके। इस फैसले के खिलाफ इज़राइल में विरोध तेज़ हो गया है। कुछ शहरों के मेयर ने इसे मुस्लिम समुदाय के खिलाफ उकसाने की कार्रवाई बताया है और चेतावनी दी है कि इससे दंगे भड़क सकते हैं।
यहूदियों और अरबों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने वाली संस्था अब्राहम इनिशिएटिव्स ऑर्गनाइजेशन ने भी इस कदम की आलोचना करते हुए इसे पुलिस के राजनीतिकरण का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि सरकार असली अपराधियों को पकड़ने की बजाय इस तरह के फैसलों पर ध्यान दे रही है। अरब इस्लामिस्ट पार्टी रा’अम के अध्यक्ष मंसूर अब्बास ने सरकार से आग्रह किया कि वे बेन ग्विर को नियंत्रित करें, क्योंकि उनके ऐसे फैसले मुस्लिम समुदाय को भड़काने और सख्त प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूर कर सकते हैं। बेन ग्विर ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने पर गर्व है। उनके अनुसार, ये लाउडस्पीकर इज़राइली नागरिकों के लिए खतरा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कई पश्चिमी देशों और कुछ अरब देशों में भी शोर को नियंत्रित करने के लिए सख्त कानून हैं। उन्होंने कहा, “प्रार्थना करना एक मौलिक अधिकार है, लेकिन यह किसी के जीवन की कीमत पर नहीं होना चाहिए।”
गौरतलब है कि विभिन्न देशों में धार्मिक आयोजनों में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर अलग-अलग नियम हैं। नीदरलैंड, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड और फ्रांस में अज़ान के लिए लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं होता। सऊदी अरब में भी कुछ साल पहले क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने मस्जिदों में लाउडस्पीकर की आवाज़ धीमी करने का आदेश दिया था। इसी तरह, इंडोनेशिया में भी 70 हजार मस्जिदों में लाउडस्पीकर की आवाज़ घटाई गई थी।
इज़राइल में दंगे की आशंका के चलते मस्जिदों से स्पीकर हटाए जाएंगे





