बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों से भारत समेत पूरी दुनिया में गुस्सा बढ़ रहा है। शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने और बांग्लादेश छोड़कर भारत आने के बाद स्थिति और खराब हो गई है। शेख हसीना ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों के पीछे का मास्टरमाइंड मौजूदा अंतरिम प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस को बताया है। निर्वासन के दौरान भारत में रह रहीं शेख हसीना ने न्यूयॉर्क में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को वर्चुअल संबोधन में कहा कि उन पर नरसंहार के आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन असली दोषी यूनुस और छात्र कॉर्डिनेटर हैं।
शेख हसीना ने मौजूदा अंतरिम प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस पर हिंदुओं सहित अल्पसंख्यकों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार अल्पसंख्यकों की सुरक्षा में नाकाम रही है। बांग्लादेश में हिंदुओं, बौद्धों और ईसाइयों को निशाना बनाया जा रहा है। कई मंदिरों और चर्चों पर हमले हुए हैं, यहां तक कि इस्कॉन पर भी हमला किया गया। विरोध करने पर संतों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने सवाल किया कि अल्पसंख्यकों पर ऐसे हमले क्यों हो रहे हैं? अब तो लोगों को न्याय पाने का भी अधिकार नहीं रह गया है। देश छोड़ने के चार महीने बाद अपने पहले भाषण में शेख हसीना ने 5 अगस्त की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह खूनखराबा नहीं चाहती थीं। गणभवन की ओर हथियारबंद प्रदर्शनकारियों को भेजा गया था। अगर सुरक्षा गार्ड गोलियां चलाते, तो कई जानें जा सकती थीं। उन्होंने सुरक्षा गार्डों को साफ निर्देश दिया था कि किसी भी हालत में गोलियां न चलाएं। ऐसी स्थिति में उन्हें बांग्लादेश छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। हसीना ने यह भी दावा किया कि उनके पिता शेख मुजीबुर्रहमान की तरह ही उनकी और उनकी बहन शेख रेहाना की हत्या की साजिश रची जा रही है।
बांग्लादेश: शेख हसीना ने कहा, ‘हिंदुओं के नरसंहार के मास्टरमाइंड हैं मो. यूनुस’





