अमेरिका के ओरेगॉन राज्य में गुरुवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंस के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप के झटके ओरेगॉन के तटीय क्षेत्र में महसूस किए गए। नेशनल सुनामी वार्निंग सेंटर ने इस घटना के बाद सुनामी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है। जिस क्षेत्र में भूकंप आया, वह ओरेगॉन और कैलिफोर्निया की सीमा के पास स्थित है। यह इलाका भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है और यहां अक्सर भूकंप दर्ज किए जाते हैं। हालांकि, अधिकतर झटके जमीन के भीतर होने के कारण कई बार सतह पर महसूस नहीं होते।
कास्केडिया जोन का हिस्सा है क्षेत्र
यह इलाका कास्केडिया सबडक्शन जोन में आता है, जो उत्तरी वैंकूवर द्वीप से लेकर उत्तरी कैलिफोर्निया तक फैला है। यह पृथ्वी के सबसे शक्तिशाली भूकंप क्षेत्रों में गिना जाता है। इससे पहले सितंबर में भी ओरेगॉन में भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे। साल 1700 में कास्केडिया जोन में 9.0 मैग्नीट्यूड का भीषण भूकंप आया था, जिसके बाद विनाशकारी सुनामी उठी थी। वैज्ञानिकों का कहना है कि भविष्य में यदि इतनी तीव्रता का भूकंप और सुनामी आई, तो तटीय क्षेत्रों में भारी तबाही हो सकती है।





