केंद्र सरकार रेलवे में युवाओं को अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। बुधवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 58,642 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह बात लोकसभा में रेल (संशोधन) विधेयक, 2024 पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कही। लोकसभा में रेल मंत्री ने बताया कि यूपीए सरकार के दौरान 4,11,000 लोगों को रेलवे में नौकरी दी गई थी, जबकि मोदी सरकार के तहत अब तक 5,02,000 युवाओं की भर्ती हुई है। इसके साथ ही, रेलवे में 58,642 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। मोदी सरकार युवाओं को अधिकतम रोजगार देने के लिए कृतसंकल्प है।
रेल मंत्री ने बताया कि देश में रेलवे भर्ती परीक्षाएं बिना किसी प्रश्नपत्र लीक की शिकायत के सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही हैं। दशकों पुरानी मांग के अनुसार, अब वार्षिक कैलेंडर के आधार पर भर्तियां हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पहले रेलवे का बजट 25-30 हजार करोड़ रुपये होता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इसे बढ़ाकर 2.52 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। पिछले 10 वर्षों में 31 हजार किलोमीटर नई रेल पटरियां बिछाई गई हैं और 15 हजार किलोमीटर रेलवे पटरियों पर सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ का कार्य किया गया है। मंत्री के अनुसार, जो काम समृद्ध देशों में 20 वर्षों में हुआ, वह भारत में केवल 5 वर्षों में पूरा कर लिया गया।
रेलवे 58,642 रिक्त पदों पर देगा नौकरी-अश्विनी वैष्णव



