जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के लिए गाड़ियों का काफिला तैयार किया जा रहा है। उनकी यात्रा के दौरान सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आठ लग्जरी एसयूवी खरीदी जाएंगी। यह तैयारी उस समय शुरू हुई है जब सरकार बनने के दो महीने बाद भी जम्मू-कश्मीर के विधायकों को वेतन नहीं मिला है। परिवहन विभाग के अनुसार, मुख्यमंत्री के आधिकारिक उपयोग के लिए आठ टोयोटा फॉर्च्यूनर एसयूवी खरीदने के लिए 3.04 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से चार गाड़ियां दिल्ली में और दो-दो जम्मू और श्रीनगर में तैनात रहेंगी। सरकारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह धनराशि केवल एसयूवी की खरीद के लिए उपयोग की जानी चाहिए। मौजूदा कर्मचारी ही इन गाड़ियों का प्रबंधन करेंगे और ड्राइवरों के लिए नए पद नहीं बनाए जाएंगे।
दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के विधायक अभी तक अपने पहले वेतन का इंतजार कर रहे हैं और इस संबंध में उन्होंने स्पीकर को पत्र लिखा है। श्रीनगर के पूर्व मेयर जुनैद मट्टू ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट के जरिए व्यंग्य किया कि मुफ्त बिजली और आरक्षण को लेकर कोई नियम नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री के काफिले के लिए लग्जरी गाड़ियां खरीदी जा रही हैं।
जम्मू-कश्मीर: मुख्यमंत्री की गाड़ियों के लिए 3 करोड़ की मंजूरी, विधायकों को अपने वेतन का इंतजार






