जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव गहरा गया है। इसी बीच एक अमेरिकी अखबार ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि यह हमला पाकिस्तानी सेना प्रमुख के निर्देश पर अंजाम दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत अब पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई के लिए आधार तैयार कर रहा है। अखबार ने विशेषज्ञों और कूटनीतिज्ञों के हवाले से बताया है कि भारत निकट भविष्य में पाकिस्तान पर हमला कर सकता है।
अखबार के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले के बाद से दुनिया भर के दर्जनों नेताओं से बातचीत कर इस हमले में पाकिस्तान की संलिप्तता का मुद्दा उठाया है। विदेश मंत्रालय ने भी 100 से अधिक देशों के राजनयिक मिशनों को इस संबंध में जानकारी दी है। भारत ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर सत्ता पर अपना नियंत्रण मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, और उन्हीं के आदेश पर यह हमला कराया गया। भारत ने विभिन्न देशों के राजनयिकों को कुछ खुफिया सूचनाएं भी सौंपी हैं, जिनमें हमलावरों की पहचान से जुड़े डाटा शामिल हैं और जिनका संबंध पाकिस्तान से बताया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा वैश्विक हालातों जैसे पश्चिम एशिया में इस्राइल-हमास संघर्ष और रूस-यूक्रेन युद्ध को देखते हुए भारत को अपनी संभावित कार्रवाई के औचित्य पर दुनिया को सफाई देने की कोई आवश्यकता महसूस नहीं हो रही।
ज्ञात हो कि पश्चिम एशिया में इस्राइल और हमास के बीच पिछले 18 महीनों से संघर्ष जारी है, जिसमें अब तक 50,000 से ज्यादा लोग हताहत हो चुके हैं। वहीं, रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को तीन साल से अधिक हो गए हैं और अब तक 10 लाख से अधिक जानें जा चुकी हैं, जबकि संघर्ष विराम की कोई ठोस संभावना नजर नहीं आ रही।
इससे पहले भी अखबार अपनी एक रिपोर्ट को लेकर विवादों में रहा था। पिछले सप्ताह पहलगाम आतंकी हमले पर प्रकाशित रिपोर्ट में अखबार ने हमले को ‘उग्रवादी हमला’ कहा था, जिस पर अमेरिकी कांग्रेस की विदेश मामलों की समिति ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। समिति ने अखबार की भाषा की आलोचना करते हुए कहा था कि यह एक आतंकवादी हमला था, न कि केवल उग्रवादी कार्रवाई।
पाकिस्तान ने कराया पहलगाम हमला; एक रिपोर्ट में दावा






