महात्मा गांधी को पाकिस्तान का राष्ट्रपिता बताने पर देश के जाने-माने गायक अभिजीत भट्टाचार्य को लिखित में माफी मांगने के लिए लीगल नोटिस भेजा गया है।
देश के प्रसिद्ध गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी बयानों की वजह से विवादों में फंसते जा रहे हैं। पुणे के वकील असीम सरोदे ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजकर माफी की मांग की है। वकील का कहना है कि अभिजीत को अपने बयान के लिए लिखित रूप में माफीनामा देना होगा। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में, 90 के दशक के मशहूर गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि पंचम दा (आर.डी. बर्मन) महात्मा गांधी से बड़े थे, और संगीत जगत के राष्ट्रपति थे। उन्होंने यह भी कहा कि महात्मा गांधी पाकिस्तान के लिए राष्ट्रपिता थे, भारत के नहीं। भारत तो पहले से ही भारत था, पाकिस्तान बनाया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि गलती से महात्मा गांधी को भारत का राष्ट्रपिता बताया गया है। अभिजीत के इस बयान के कारण वकील असीम सरोदे ने नोटिस में यह कहा कि महात्मा गांधी ने हिंदू और मुस्लिमों के बीच एकता बनाए रखने के लिए बहुत प्रयास किए और भाईचारे के विचारों को बढ़ावा दिया। जब भारत के विभाजन की बात हो रही थी, तो महात्मा गांधी ने स्पष्ट कहा था कि भारत का विभाजन उनकी लाश पर होगा। उन्होंने कभी भी भारत के विभाजन को स्वीकार नहीं किया। वकील ने कहा कि अभिजीत को महात्मा गांधी और देश के सम्मान के लिए लिखित में माफी मांगनी होगी।
अभिजीत अपनी गायकी के अलावा अपने बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। 90 के दशक में उन्होंने शाहरुख खान और सलमान खान की कई सुपरहिट फिल्मों के गाने गाए थे। हालांकि, अब वे इन दोनों बड़े सितारों के लिए गाने नहीं गाते।






