कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव-2025 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। अपने घोषणापत्र में कांग्रेस ने महिलाओं और युवाओं के लिए कई वादे किए हैं। साथ ही, दिल्लीवासियों को पांच गारंटियां भी दी हैं।
चुनाव से पहले विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने घोषणापत्र जारी कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी और भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी अपना घोषणापत्र पेश कर दिया है। इस दौरान कांग्रेस ने दिल्ली सरकार पर जमकर हमला बोला और जनता को 5 गारंटियां देने का वादा किया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि “गारंटी” शब्द का इस्तेमाल सबसे पहले कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव के दौरान किया था। अब सभी पार्टियां इसका उपयोग कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस की गारंटी सिर्फ एक वादा नहीं, बल्कि जनता का हक है। दिल्ली के लिए कांग्रेस पहले ही अपनी 5 गारंटियां घोषित कर चुकी है, जिन्हें पूरा किया जाएगा।
कांग्रेस की 5 गारंटियां:
- प्रत्येक गरीब परिवार की एक महिला को हर महीने ₹2,500 मिलेंगे।
- दिल्ली के सभी निवासियों को ₹25 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, जिसमें मुफ्त दवाएं और जांच भी शामिल होंगी।
- सभी बेरोजगार युवाओं को एक साल की पब्लिक या प्राइवेट सेक्टर में अप्रेंटिसशिप मिलेगी, इस दौरान उन्हें ₹8,500 प्रति माह दिए जाएंगे।
- ₹500 में रसोई गैस सिलेंडर, हर महीने 5 किलो चावल, 2 किलो चीनी, 1 किलो कुकिंग ऑयल, 6 किलो दाल और 250 ग्राम चाय पत्ती समेत एक मुफ्त राशन किट दी जाएगी।
- सभी पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी।
कांग्रेस के घोषणापत्र में “प्यारी दीदी योजना”, “जीवन रक्षा योजना”, “युवा उड़ान योजना”, “महंगाई मुक्त योजना” और “फ्री बिजली योजना” जैसी योजनाएं शामिल हैं।





