दिल्ली के चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) के मामले सामने आने के बाद गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्साधिकारियों और वन अधिकारियों को बीमारी की रोकथाम के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने और पोल्ट्री फार्मों से नमूने एकत्र करने के निर्देश जारी किए हैं।
16 अगस्त को रामपुर के तीन पोल्ट्री फार्मों से लिए गए नमूनों में एवियन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि हुई थी। इसके बाद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत जिलों की सीमाएं सील कर दी गई थीं। अब गौतमबुद्धनगर में भी पशुपालन विभाग ने सतर्कता बरतते हुए पोल्ट्री फार्मों से 226 नमूने एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे हैं। जिले के 16 पोल्ट्री फार्मों में लगभग 1.17 लाख पक्षी हैं। राहत की बात यह है कि अब तक जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं मिला है।
शुक्रवार को दिल्ली चिड़ियाघर में दो पक्षियों की बर्ड फ्लू से मौत की पुष्टि के बाद प्रशासन और भी सतर्क हो गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने सभी पशु चिकित्सकों, उप मुख्य पशु चिकित्सकों और प्रभागीय वन अधिकारियों को पत्र जारी कर कहा है कि चूंकि गौतमबुद्धनगर दिल्ली से सटा हुआ है और यहां की बड़ी आबादी का दिल्ली से आना-जाना रहता है, ऐसे में संक्रमण का खतरा अधिक है। इसलिए बीमारी की रोकथाम और फैलाव को रोकने के लिए जरूरी कार्रवाई करनी होगी।
कैसे करें बर्ड फ्लू से बचाव
• पक्षियों से अनावश्यक संपर्क न करें
• मृत या बीमार पक्षियों को न छुएं
• व्यक्तिगत और पर्यावरणीय स्वच्छता बनाए रखें
• पोल्ट्री और अंडों को अच्छी तरह पका कर ही खाएं
• उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचें
• पोल्ट्री फार्म को स्वच्छ और सुरक्षित रखें
• पक्षियों को ढके हुए बाड़ों या घर के अंदर ही रखें




