आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को 15 पक्की गारंटियां दी हैं।
भारतीय जनता पार्टी के बाद, सोमवार को आम आदमी पार्टी ने भी अपना घोषणा पत्र जारी किया। इस बार के घोषणा पत्र में पार्टी ने दिल्लीवासियों के लिए 15 गारंटियां दी हैं। इसे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जारी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री आतिशी, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह भी मौजूद थे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस या अन्य पार्टियां चुनाव में जो वादे करती हैं, वे केवल जुमले होते हैं। लेकिन हमने गारंटी शब्द का उपयोग शुरू किया तो उन्होंने भी इसे अपनाया और अब इस शब्द को बर्बाद कर दिया। यह केजरीवाल की पक्की गारंटी है, न कि उनकी कच्ची गारंटी। उन्होंने कहा कि आज हम 15 गारंटियां जारी कर रहे हैं, जो अगले 5 सालों में पूरी की जाएंगी। इसमें रोजगार, महिलाओं के लिए 2100 रुपये प्रतिमाह की महिला सम्मान योजना, इलाज के लिए संजीवनी योजना, और पानी के बिलों का सही भुगतान जैसी प्रमुख बातें शामिल हैं।
दिल्लीवासियों के लिए अरविंद केजरीवाल की 15 पक्की गारंटियां:
- रोजगार: बेरोजगारी की समस्या को खत्म करेंगे।
- महिला सम्मान योजना: हर महिला को हर महीने 2100 रुपये दिए जाएंगे।
- संजीवनी योजना: बुजुर्गों को मुफ्त इलाज मिलेगा।
- पानी के बिल: गलत बढ़े हुए पानी के बिल माफ किए जाएंगे।
- पीने का पानी: हर घर को 24 घंटे साफ और सुरक्षित पानी मिलेगा।
- स्वच्छ यमुना: यमुना नदी को स्वच्छ बनाने का वादा।
- सड़कें: यूरोप की तरह दिल्ली की सड़कों को विकसित किया जाएगा।
- अंबेडकर छात्रवृत्ति योजना: छात्रों को सहायता मिलेगी।
- मुफ्त यात्रा: सभी छात्रों को बसों में मुफ्त यात्रा और मेट्रो किराए में 50% छूट।
- पुजारी और ग्रंथी योजना: पुजारियों और ग्रंथियों को हर महीने 18,000 रुपये दिए जाएंगे।
- किरायेदारों के लिए सुविधाएं: मुफ्त बिजली और पानी की योजना लागू की जाएगी।
- सीवेज लाइनों का सुधार: सभी पुरानी और बंद सीवेज लाइनों को बदला जाएगा।
- राशन कार्ड: नए राशन कार्ड बनवाने का विकल्प।
- ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए मदद: उनकी बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता, बच्चों को मुफ्त कोचिंग, 10 लाख रुपये का जीवन बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा।
- सुरक्षा गार्ड और आरडब्ल्यूए फंड: सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति और रखरखाव के लिए आरडब्ल्यूए को विशेष फंड दिया जाएगा।




