- श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए योजना में बदलाव, कई मार्ग होंगे वन वे
- मुख्य स्नान पर्व पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए डायवर्जन पर रहेगा जोर
महाकुंभ में भगदड़ रोकने के लिए मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु नई योजनाएं लागू की जाएंगी। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर संपूर्ण जानकारी प्राप्त की। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संगम पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम, जोनल प्लान, साइनेज और बैरिकेडिंग की जाएगी, डायवर्जन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि भीड़ का दबाव बढ़ने न पाए।
महाकुंभ के दौरान संभावित भगदड़ को ध्यान में रखते हुए, मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु नए सिरे से योजनाएं लागू की जाएंगी। जहां भीड़ का दबाव अधिक होता है, वहां अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की जाएगी। कई मार्गों को वन वे किया जा रहा है, संगम पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे और पांच अन्य स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान शासन से भेजे गए पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन आशीष गोयल, आईएएस भानु चंद्र गोस्वामी और अन्य अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र में कार्यभार संभाल लिया।
वसंत पंचमी के अमृत स्नान की तैयारियों की समीक्षा
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर वसंत पंचमी के अमृत स्नान पर्व की तैयारियों की समीक्षा की। डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों से अलग बैठक कर सुरक्षा प्लान में बदलाव किया, जिसके तहत महाकुंभ के प्रवेश मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने के प्रबंध किए गए हैं। सभी मार्गों पर पर्याप्त साइनेज लगाए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं और स्नानार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने मनोबल को ऊंचा रखें और कार्य को बेहतरीन तरीके से अंजाम दें। आगामी वसंत पंचमी अमृत स्नान को ‘जीरो एरर’ बनाने पर जोर दिया गया। यदि आवश्यक हो, तो विशेषज्ञों की सहायता ली जाए।
जिन स्थानों पर भीड़ अधिक होती है, वहां अधिक से अधिक अधिकारी और सुरक्षाबल तैनात किए जाएं। सीमा क्षेत्र में एसपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती की जाए। अमृत स्नान के दौरान संगम नोज पर अत्यधिक भीड़ को जाने से रोकने के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि इस बार वसंत पंचमी अमृत स्नान के लिए विशेष रणनीतिक तैनाती योजना (स्पेशल स्ट्रैटेजिक डेप्लॉयमेंट प्लान) लागू की जाएगी, जिसमें जोनल प्लान भी शामिल रहेगा ताकि श्रद्धालु अपने निर्धारित क्षेत्र में ही स्नान करें।
पास रहेंगे मान्य
मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने स्पष्ट किया कि किसी भी पास को अमान्य नहीं किया गया है। हालांकि, मुख्य स्नान पर्वों पर कुछ प्रतिबंध लगाए जाएंगे। मेला क्षेत्र को नो व्हीकल ज़ोन घोषित नहीं किया गया है, आवश्यक वस्तुओं के वाहन चलते रहेंगे। बैठक में यूपीपीसीएल के चेयरमैन आशीष गोयल, प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, एडीजी भानु भास्कर, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस आयुक्त तरुण गाबा, डीआईजी वैभव कृष्ण और एसएसपी राजेश द्विवेदी मौजूद रहे।





