प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ 2025 आस्था, भक्ति और संस्कृति का अनोखा संगम बन चुका है। इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर किसी के हृदय में आस्था की लौ प्रज्वलित हो रही है और सभी संगम में पुण्य की डुबकी लगाकर मोक्ष की कामना कर रहे हैं। इस दौरान विदेशी तीर्थयात्री भी महाकुंभ की अद्भुत व्यवस्थाओं से अभिभूत नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा किए गए उत्तम प्रबंधों की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की है।
अमेरिका से आए श्रद्धालु बोले – ‘अविश्वसनीय अनुभव’
महाकुंभ में पहुंचे विदेशी श्रद्धालु यहां की सुव्यवस्था से अत्यंत प्रभावित हैं। अमेरिका के हवाई से आए एक श्रद्धालु ने कहा कि यह उनकी कल्पना से परे है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग एक साथ एकत्र होकर आस्था के इस महासंगम में शामिल हुए हैं। इतने विशाल जनसमूह और यहां के बुनियादी ढांचे को देखते हुए यह अविश्वसनीय है कि सरकार इसे इतनी कुशलता से संचालित कर रही है। हर कोई एक-दूसरे की सहायता करता नजर आ रहा है, जिससे इस आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई है।
जीवन का सबसे यादगार अनुभव
अमेरिका के फ्लोरिडा से आईं मारिया ने बताया कि वह 12 साल पहले भी कुंभ मेले में आई थीं और तब के अनुभव ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि वे इसे दोबारा देखने आई हैं। उन्होंने कहा, “यह मेरे जीवन का सबसे यादगार अनुभव है। मैं पिछले 26 वर्षों से हर साल भारत आती हूं और यहां की संस्कृति से प्रेम करती हूं। प्रशासन ने जिस तरह भीड़ को संभाल रखा है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है।”
सुरक्षित और पवित्र माहौल से प्रभावित हुए विदेशी श्रद्धालु
रूस के मॉस्को से आईं जूलिया ने कहा कि वह पहली बार महाकुंभ में आई हैं और यहां की व्यवस्था से अत्यंत प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, “यहां का माहौल बहुत ही सुरक्षित और पवित्र है। इतने विशाल आयोजन को प्रशासन ने जिस तरह से व्यवस्थित किया है, वह अविश्वसनीय है।”
महादेव की कृपा से मिला कुंभ का दर्शन
कजाकिस्तान के अल्माटी से आईं अलेना ने कहा कि कुंभ मेले में आना उनका सपना था और वे महादेव की कृपा से यहां पहुंच पाईं। उन्होंने कहा, “इस अनुभव को शब्दों में बयां करना कठिन है। यह एक दिव्य यात्रा है, जिसे मैं जीवनभर याद रखूंगी।” वहीं, पंजाब के पठानकोट से आईं अंजू ने बताया कि प्रशासन तीर्थयात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
सरकार की बेहतर व्यवस्थाओं से सफल हो रहा महाकुंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने इस विराट आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। महाकुंभ के दौरान प्रतिदिन लाखों-करोड़ों श्रद्धालु संगम तट पर स्नान करने पहुंच रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन ने जिस कुशलता और अनुशासन का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीकों का भी भरपूर उपयोग किया है। भीड़ प्रबंधन के लिए ड्रोन कैमरों की सहायता ली जा रही है, जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने में प्रशासन को सहायता मिले। सरकार द्वारा की गई इन उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के चलते न केवल भारतीय श्रद्धालु बल्कि विदेशी पर्यटक भी इस ऐतिहासिक आयोजन का अनुभव लेने के लिए बड़ी संख्या में आ रहे हैं।






