उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को इस बार महाकुंभ के कारण महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान पर्व के बाद आयोजित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यूपी बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने, नाम गोपनीय रखने की शर्त पर, इस बात की पुष्टि की है। बोर्ड का मानना है कि महाकुंभ, जो विश्व का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आयोजन है, में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचेंगे। इस वजह से बोर्ड की परीक्षाएं अंतिम स्नान पर्व के बाद कराना अधिक उचित होगा।
2024 में बोर्ड परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू हुई थीं, लेकिन पिछले पांच वर्षों में केवल 2022 में ही परीक्षाएं मार्च में हुई थीं। इस बार महाकुंभ 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा स्नान पर्व से शुरू होकर 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान पर्व पर समाप्त होगा। इसलिए संभावना है कि बोर्ड परीक्षाएं 26 फरवरी के बाद शुरू होंगी।
54,38,597 परीक्षार्थी होंगे शामिल
इस बार हाईस्कूल में 27,40,151 और इंटरमीडिएट में 26,98,446 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जाएगा, ताकि नकल और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।
महाकुंभ के कारण इस बार देर से शुरू हो सकती हैं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं






