अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपना कार्यकाल समाप्त होने से पहले यूक्रेन को रूस के भीतर हमले करने के लिए अमेरिकी निर्मित हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। दो अमेरिकी अधिकारियों और इस निर्णय से परिचित एक सूत्र ने इसे यूक्रेन-रूस संघर्ष में वाशिंगटन की नीति में महत्वपूर्ण बदलाव बताया है। अब यूक्रेनी सैनिक आर्मी टैक्टिकल मिसाइल सिस्टम का उपयोग कर सकेंगे।
सूत्रों के अनुसार, यूक्रेन आने वाले दिनों में रूस पर लंबी दूरी के हमले की योजना बना रहा है, हालांकि सुरक्षा कारणों से इसकी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। यह निर्णय बाइडेन ने 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप के पदभार ग्रहण करने से दो महीने पहले लिया है। ट्रंप ने पहले दावा किया था कि वे इस युद्ध को शीघ्र समाप्त करवा देंगे। दरअसल, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कुछ महीनों पहले अमेरिकी हथियारों का इस्तेमाल करके रूसी सैन्य ठिकानों पर हमला करने की अनुमति मांगी थी। बाइडेन का यह कदम रूस द्वारा उत्तर कोरियाई सैनिकों को लड़ाई में शामिल करने के फैसले के जवाब में आया है।
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने बाइडेन के इस कदम की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, “सैन्य औद्योगिक तंत्र यह सुनिश्चित करना चाहता है कि मेरे पिता को शांति स्थापित करने और जीवन बचाने का मौका मिलने से पहले वे तीसरा विश्व युद्ध शुरू कर दें।” इस कदम से वाशिंगटन और कीव में तनाव बढ़ गया है। रूसी सांसदों ने चेतावनी दी है कि बाइडेन प्रशासन का यह निर्णय युद्ध को और भड़काएगा। रूसी सांसद व्लादिमीर दजबारोव ने कहा, “यह तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम है।”
बाइडेन ने लिया बड़ा फैसला, अमेरिकी हथियारों से रूस पर हमला कर सकेगा यूक्रेन






