उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में 13 फरवरी को किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी और उनके शिष्यों पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया। देर रात हुए इस हमले में कल्याणी नंद गिरी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके तीन शिष्यों को भी चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी और सभी घायलों को इलाज के लिए महाकुंभ के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब कल्याणी नंद गिरी किन्नर अखाड़े से निकलकर अपनी फॉर्च्यूनर कार से सदियापुर स्थित अपने घर जा रही थीं। रास्ते में संगम लोवर मार्ग पर कुछ लोग आशीर्वाद लेने के बहाने उनकी कार को रोकते हैं। जैसे ही वह अपनी कार से बाहर निकलीं, कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
कल्याणी नंद गिरी के बचाव में आए उनके तीन शिष्यों को भी हमलावरों ने घायल कर दिया। इस हमले में कुल चार लोग घायल हुए, जिनमें कल्याणी नंद गिरी भी शामिल हैं। घटना के बाद उनके शिष्य और अन्य संत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि हमले की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।
किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर पर जानलेवा हमला, हमले में तीन शिष्य भी घायल






