मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शहीद भगत सिंह और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर हमारे देश के महान पुरोधा हैं, जो हमारे लिए पूजनीय और आदरणीय हैं।
दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र सोमवार से शुरू हुआ। पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली। हालांकि, सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा, जहां आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्ष की नेता आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए। आतिशी का कहना था कि मुख्यमंत्री कार्यालय से डॉ. भीमराव अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें हटा दी गई हैं।
बीजेपी की मानसिकता पर आतिशी का आरोप
आप विधायक आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मानसिकता दलित और सिख विरोधी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के हर कार्यालय में डॉ. अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें लगवाई थीं।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप विधायकों के प्रदर्शन की निंदा करते हुए कहा कि यह सदन की कार्यवाही को बाधित करने का प्रयास है, जो गैरकानूनी है। उन्होंने विपक्ष से सदन को सुचारू रूप से चलने देने की अपील की। हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
‘विपक्ष का रवैया गैरजिम्मेदार’
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही पूरी की गई, लेकिन विपक्ष का रवैया गैरजिम्मेदार रहा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने बधाई प्रस्ताव के दौरान अपने ही सदस्यों को बोलने नहीं दिया, जिससे संसदीय मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जवाब
विपक्ष की नेता आतिशी के आरोपों पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जवाब दिया कि शहीद भगत सिंह और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर हमारे देश के आदरणीय पुरोधा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के कक्षों में महात्मा गांधी, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, भगत सिंह, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के चित्र सुशोभित हैं।
दिल्ली बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली कैबिनेट के सभी मंत्रियों के कार्यालयों में महात्मा गांधी, भगत सिंह, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लगी हुई हैं।
‘मैं जनता के प्रति जवाबदेह हूं’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विपक्ष अपनी भ्रष्टाचार और गलतियों को छिपाने के लिए बाबा साहेब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह का नाम इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार के मुखिया की तस्वीर नहीं लगनी चाहिए? क्या देश के राष्ट्रपति की तस्वीर नहीं लगनी चाहिए? क्या राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर नहीं लगनी चाहिए?
उन्होंने कहा कि भगत सिंह और बाबा साहेब देश के सम्मानित और प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय में इन सभी महान हस्तियों को उचित स्थान दिया गया है। अंत में, उन्होंने कहा कि वह विपक्ष को नहीं, बल्कि जनता को जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।






