जयपुर। राजस्थान विधानसभा में प्रश्नकाल शुरू होते ही तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले का विषय सामने आया। भाजपा विधायक कैलाश वर्मा ने सरकार से पूछा कि प्रदेश में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले कब किए जाएंगे? इस पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जवाब दिया कि इस पर निर्णय कैबिनेट में लिया जाएगा, यानी फिलहाल तबादले नहीं होंगे।
प्रश्नकाल के दौरान बगरू विधायक कैलाश वर्मा ने कहा कि पिछले छह वर्षों से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले नहीं हुए हैं, जिससे हजारों शिक्षक अपने गृह जिले से बाहर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार ग्रीष्मकाल में इन शिक्षकों के तबादले पर विचार करेगी?
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर विचार मंत्रिमंडल स्तर पर किया जाएगा और निर्णय आने पर ही आगे की प्रक्रिया होगी। उन्होंने यह भी बताया कि डार्क ज़ोन में लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के तबादलों पर भी विचार किया जाना बाकी है। वर्तमान में प्रशासनिक विभाग में स्थानांतरण पर रोक लगी हुई है, और शैक्षिक संगठनों से सुझाव लेकर तबादला नीति बनाई जा रही है। इस पर टीकाराम जूली ने कहा कि बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में ट्रांसफर नीति लागू करने की बात कही थी, लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं निकाला गया है।
आपको बता दें राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद करीब साढ़े तीन लाख तृतीय श्रेणी शिक्षकों को तबादले की उम्मीद थी, लेकिन एक साल बाद भी इन पर रोक लगी हुई है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले नहीं हुए थे। आखिरी बार 2018 में भाजपा सरकार के दौरान ही तबादले खोले गए थे।
राजस्थान: थर्ड ग्रेड टीचरों के तबादले अभी नही होंगे- शिक्षा मंत्री






