नेपाल में केबल कार परियोजना का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। इस झड़प में 24 लोग घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नेपाल के तापलेजंग जिले के पाथिभरा इलाके में केबल कार परियोजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है। इस विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें 12 सुरक्षाकर्मियों समेत कम से कम 24 लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, ‘नो केबल कार’ नामक समूह इस परियोजना का विरोध कर रहा है। प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि इस परियोजना से क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान समाप्त हो जाएगी।
तनाव बढ़ने पर प्रशासन ने निषेधाज्ञा लगाई
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने हिंसा में शामिल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए तापलेजंग जिला प्रशासन ने फुंगलिंग बाजार और पाथिभरा क्षेत्र सहित जिले के कई हिस्सों में रविवार सुबह से निषेधाज्ञा लागू कर दी है। निषेधाज्ञा के तहत प्रतिबंधित क्षेत्रों में पांच से अधिक लोगों के एकत्रित होने, सभा, जुलूस और प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होगी। तापलेजंग के मुख्य जिला अधिकारी नेत्र प्रसाद शर्मा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा लगाई गई है और हालात सामान्य होने पर इसे हटा लिया जाएगा। इस मुद्दे पर नेपाल के सांसदों ने भी नाराजगी जताई है। निचले सदन में राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के राजेंद्र लिंगडेन और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की तोशिमा कार्की सहित कई विपक्षी सांसदों ने सरकार से इस परियोजना पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं, तो सरकार को तत्काल इस परियोजना को बंद कर देना चाहिए।






