मंगलवार देर रात पाकिस्तान ने अचानक एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि भारत अगले 24 से 36 घंटों के भीतर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि भारत पहलगाम आतंकी हमले को बहाना बनाकर यह हमला करने की योजना बना रहा है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों परमाणु संपन्न पड़ोसी देशों के बीच तनाव अपने चरम पर है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, “पाकिस्तान के पास विश्वसनीय खुफिया जानकारी है कि भारत झूठे बहाने के तहत सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।” उन्होंने चेतावनी दी, “अगर कोई आक्रामक कार्रवाई हुई तो उसका माकूल जवाब दिया जाएगा। क्षेत्र में किसी भी तरह के गंभीर परिणाम के लिए भारत जिम्मेदार होगा।”
भारत के संभावित हमले को लेकर पाकिस्तान हाई अलर्ट पर
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने रॉयटर्स को दिए साक्षात्कार में कहा कि भारत का हमला “किसी भी वक्त हो सकता है।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हाई अलर्ट पर है और परमाणु हथियारों का उपयोग केवल तब किया जाएगा जब देश के अस्तित्व पर सीधा खतरा हो। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव तब और गहराया जब भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया और पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमलावरों को खोजकर सख्त सजा देने की बात कही है।






