दिल्ली की साउथ एशियन यूनिवर्सिटी में महाशिवरात्रि के दिन मेस में मांसाहार परोसने को लेकर दो छात्र गुटों के बीच विवाद हो गया। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
यूनिवर्सिटी में महाशिवरात्रि पर मेस के खाने को लेकर हंगामा हुआ, जहां एक गुट का आरोप था कि जानबूझकर मांसाहार परोसा गया, जिससे उपवास रखने वाले छात्रों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। इस मुद्दे को लेकर SFI और ABVP के सदस्यों के बीच हाथापाई भी हुई। मेस सचिव यशदा ने कहा कि “एबीवीपी से जुड़े कुछ छात्रों ने मांसाहार परोसने का विरोध किया। जब यह स्पष्ट किया गया कि रोज़ की तरह ही भोजन परोसा जा रहा है, तो एबीवीपी के सदस्यों ने मुझ पर हमला किया। मेरा हाथ मरोड़ा गया, बाल पकड़कर घसीटा गया और मेस के कर्मचारियों ने भी मुझ पर हमला किया। मैंने इस घटना की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।”
एबीवीपी ने आरोपों को बताया गलत
दूसरी ओर, एबीवीपी ने इन आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि 110 छात्रों ने उपवास के लिए सात्विक भोजन की मांग की थी, जिसे स्वीकार करते हुए एक मेस में सात्विक भोजन की व्यवस्था की गई थी। लेकिन वहां मांसाहार भी परोसा गया, जिससे व्रत रखने वाले छात्रों पर मांसाहार गिरा और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
एबीवीपी के दिल्ली प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा, “हर छात्र को अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भोजन करने का अधिकार है। जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने सात्विक भोजन की व्यवस्था की थी, तो जबरन मांसाहार परोसना असंवेदनशीलता और वैचारिक आतंकवाद है।”
यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस का बयान
साउथ एशियन यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा कि महाशिवरात्रि के दिन मेस में हुए विवाद की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, मैदानगढ़ी पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:45 बजे झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत किया। फिलहाल, विश्वविद्यालय में माहौल शांतिपूर्ण है और अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।




