आतिशी ने राष्ट्रपति से तुरंत मिलने का समय मांगा है। उन्होंने विधानसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों को प्रवेश न दिए जाने के मुद्दे पर राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगा है।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है और तुरंत मिलने का अनुरोध किया है। उन्होंने आप विधायकों को विधानसभा में प्रवेश से रोके जाने के खिलाफ राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है। आतिशी विधायक दल के साथ राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगी। इस बीच, सदन में विपक्षी सदस्यों के निलंबन को लेकर आतिशी ने आप विधायकों के साथ विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा, “विधानसभा परिसर के बाहर रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। बाबासाहेब आंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरों को दिल्ली सरकार के दफ्तरों से हटाना शहीदों और दलित-पिछड़े समुदायों का अपमान है।”
विपक्षी विधायकों के निलंबन के बाद आप का धरना प्रदर्शन
दिल्ली विधानसभा परिसर के बाहर आम आदमी पार्टी के विधायकों ने धरना प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि उन्हें और उनकी पार्टी के विधायकों को विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, “पुलिस अधिकारी कह रहे हैं कि हम (आप विधायक) विधानसभा से निलंबित हैं, इसलिए हमें परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह पूरी तरह अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक है। देश के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ है कि किसी विधानसभा में चुने हुए विधायकों को रोका गया हो। संसद में भी, जब सदस्य निलंबित होते हैं, तो वे गांधी प्रतिमा के नीचे विरोध जताते हैं। फिर हमें यहां कैसे रोका जा सकता है? हमने अध्यक्ष से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई संवाद नहीं हो रहा है।”





