मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि उनके पास सबूत हैं कि बंगाल में मौजूद एक एजेंसी राज्य के मतदाताओं के नाम हरियाणा, गुजरात और अन्य राज्यों के लोगों के साथ बदल रही है।
हरियाणा और महाराष्ट्र के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची में हेरफेर करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चुनाव आयोग ने जल्द ही इन गड़बड़ियों को दूर नहीं किया तो वे आयोग के कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना देंगी। कोलकाता में टीएमसी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके पास इस बात के प्रमाण हैं कि बंगाल में एक एजेंसी मतदाताओं के नाम बदल रही है, लेकिन वोटर आईडी कार्ड नंबर वही रखा जा रहा है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि यह पूरी साजिश दिल्ली से रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी तरीके से भाजपा ने महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में जीत हासिल की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपकी दो जिम्मेदारियां हैं—भाजपा को हराना और बंगाल को फिर से जिताना। उन्होंने भरोसा जताया कि तृणमूल कांग्रेस फिर से जीत दर्ज करेगी और कहा, “हम बंगाल हैं, दिल्ली या महाराष्ट्र नहीं।”
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में मतदाता सूची की गड़बड़ियों की जांच के लिए एक समिति बनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महाराष्ट्र और दिल्ली के चुनावों में मतदाता सूची में फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़कर धांधली की, जिनमें ज्यादातर हरियाणा और गुजरात के लोग थे। अब भाजपा पश्चिम बंगाल में भी यही साजिश रच रही है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा ने महाराष्ट्र और दिल्ली में इसी तरह चुनाव जीते।
मुख्यमंत्री ने बंगाल की जनता से मतदाता सूची की जांच करने की अपील की। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में एनआरसी और सीएए के नाम पर बंगाल के असली मतदाताओं को सूची से हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का एकमात्र उद्देश्य तृणमूल कांग्रेस को हराना और असली मतदाताओं के नाम हटाना है। तृणमूल सुप्रीमो ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी फर्जी मतदाताओं की पहचान करेगी, जिन्हें भाजपा की मदद से सूची में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा, “हम बाहरी लोगों (भाजपा) को बंगाल पर कब्जा नहीं करने देंगे। दिल्ली में जो हुआ, उसे बंगाल में दोहराने नहीं दिया जाएगा।”
अभिषेक बनर्जी ने खंडन किया
इस बीच, ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने भाजपा में जाने की अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे “ममता बनर्जी जिंदाबाद” ही बोलेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए।






